Monday 29 August 2016

देश व समाज की उन्नति का अभिप्राय एवमं हमारा व्यक्ति योगदान।

rpmwu73 
29.08.2016
सरकार   हर समझदार नागरिक चाहता है कि देश में उन्नति व विकास हो। पर यक्ष प्रश्न है कि देश की उन्नति व विकास का वास्तव में तात्पर्य क्या है? क्या आजादी के बाद से आज तक देश में रहने वाले सभी जाति/समुदाय/वर्ग/धर्म के नागरिको की संविधान की भावना के अनुरूप उन्नति हो पायी है? इन प्रश्नों का संतुलित भाव से उत्तर ढूँढना होगा और देश के जो नागरिक विकास की दौड़ में पीछे छूट गए है उन्हें साथ लाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना होगा।

देश में रह रहे हर नागरिक के जीवन में यदि खुशहाली आये, उत्पीड़न नहीं हो, ऊँच-नीच की भावना की समाप्ति हो, नैतिकता की बढ़ोत्तरी हो, नागरिक साहसी बनें, धार्मिक अंधविश्वसों की मान्यता में कमी आये, शिक्षा का प्रसार हो, गरीब, कमजोर व असहाय लोगों को आगे बढ़ने हेतु ठोस नीति की क्रियान्वति हो, दुनियाँ के अन्य देशों से जितना हो सके हमारे रिश्ते बेहतर हो, नई तकनीक की खोज व इस्तेमाल में हम अग्रणी बनें, तो कहा जा सकता है कि हमारा देश व उसके सभी नागरिक वास्तव में उन्नति कर रहे है।

देश की उन्नति में देश के नागरिकों का बहुत महत्व है। जागरूक व्यक्ति स्वयं के उत्थान के साथ देश के उत्थान हेतु प्रयास करते हैं। सामान्य जनता देश में बनी हुई व्यवस्था में जीवनयापन करती है। और कुछ ऐसे भी लोग होते हैं जिनके कार्यकलापों से देश की छवि खराब होती है या अवनति होती है या देश को नुकसान होता है। अधिकतर नागरिक मध्यम श्रेणी में आते हैं। आवश्यकता है कि सरकार व हम सभी को व्यक्तिगत एवम सामूहिक प्रयत्न करके अधिक से अधिक नागरिकों को ऐसे लोगों की गिनती में सम्मिलित करे जो कि अपने कार्यों, कौशलता, योग्यता व आचरण से देश व समाज को उन्नति की ओर ले जायें।

अब आगे विचार करें कि उन्नति के इन मानकों में मेरा स्वयं का क्या योगदान हो सकता है ? हर शिक्षित और समझदार व्यक्ति अपने जीवन में यदि नैतिकता को अपनाये, जो लोग पीछे छूट गये हैं उन्हें आगे लाने में मदद करे, अंधविश्वास व कुरीतियों को मिटाने में योगदान दे, स्वयं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से चीजों को देखे तथा तदानुसार  विचारधारा विकसित करे, तो हर व्यक्ति देश और समाज की उन्नति में अपेक्षित योगदान प्रदान कर सकता है।


हम सभी को अपने-अपने विशेष क्षेत्र चुन लेने चाहिए ताकि हम रोजमर्रा के अपने कार्यों के अलावा देश के नागरिको को उनकी उन्नति के लिए सकारात्मक योगदान दे सके।



रघुवीर प्रसाद मीना

No comments:

Post a Comment

Thank you for reading and commenting.